पुनर्वास की दिशा में अनूठी पहल, बंदियों को स्वरोजगार के लिए किया जा रहा तैयार
कोरिया, 31 जुलाई 2026। जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रूरल सेल्फ एम्प्लायमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आरएसईटीआई) द्वारा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक फास्ट फूड निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्यालय जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, रायपुर के ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 35 बंदियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को पिज्जा, चाउमीन, मंचूरियन, मोमोज, समोसा, भजिया, फ्रेंच फ्राइज, गुपचुप तथा विभिन्न डिज़ाइन के केक बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के साथ-साथ खाद्य स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण सामग्री तैयार करने, ग्राहक प्रबंधन, लोन एवं बीमा संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि जेल से रिहा होने के बाद बंदी स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
जेल प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बंदियों को उपयोगी कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस कार्यक्रम में सहायक जेल अधीक्षक श्री एस.के. आबिद रजा तथा आरएसईटीआई बैकुंठपुर की डायरेक्टर श्रीमती महती बनर्जी का विशेष योगदान रहा।
CNB LIVE NEWS | कोरिया, छत्तीसगढ़


