पटना/कोरिया। नगर पंचायत पटना में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान नागरिकों की समस्याओं को लेकर सांसद प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता दीपक खत्री ने कनिष्ठ अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, पटना को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आए दिन घंटों बिजली गुल रहती है। हल्की बारिश या हवा चलने पर भी 4–5 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे व्यापारियों का काम प्रभावित हो रहा है और आम नागरिकों को पेयजल सहित कई आवश्यक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिजली विभाग द्वारा कोई प्रभावी हेल्पलाइन या संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने और जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई होती है।
कांग्रेस ने मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार तथा हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया जाए। अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।


