बैकुंठपुर (कोरिया)। आईसी मार्ट विवाद के बाद 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा पूजा पैंकरा की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। गुरुवार को समस्त पुलिस परिवार, पुलिस लाइन बैकुंठपुर के सदस्यों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 7 जुलाई 2026 की शाम पूजा पैंकरा अपनी मां के साथ बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट गई थी। आरोप है कि वहां दुकान संचालकों ने उस पर चोरी का आरोप लगाया, पूछताछ के नाम पर अलग स्थान पर ले जाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया तथा कथित रूप से पैसों की मांग भी की। ज्ञापन में दावा किया गया है कि इस घटनाक्रम से नाबालिग छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई और बाद में उसने आत्महत्या कर ली।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।
इस बीच घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
उधर, पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है। संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है और एफएसएल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
> नोट: ज्ञापन में लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के आरोप हैं। उनकी सत्यता का अंतिम निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।


