CG "खबर का असर: ठेकेदार हरकत में, निर्माण स्थल पर आवागमन सुधारने की कवायद शुरू...देखें?

CG "खबर का असर: ठेकेदार हरकत में, निर्माण स्थल पर आवागमन सुधारने की कवायद शुरू...देखें?

 


बैकुण्ठपुर, कोरिया। वार्ड क्रमांक 9 में पंकज पाण्डेय के घर से महेन्द्र पाण्डेय के घर तक चल रहे नाली निर्माण कार्य से आम नागरिकों को हो रही परेशानी संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद निर्माण एजेंसी की ओर से हरकत देखने को मिली है। जानकारी के अनुसार, करीब 80–90 किलोमीटर दूर मौजूद ठेकेदार ने अपने कर्मचारियों को निर्माण स्थल पर लोगों के आवागमन की व्यवस्था सुधारने तथा वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।


गौरतलब है कि लगातार बारिश के बीच सड़क खोद दिए जाने से वार्डवासियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और शासकीय कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि निर्माण स्थल पर न तो ठेकेदार मौजूद रहता था और न ही लोगों की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, जिससे दैनिक आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।


समाचार प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार के कर्मचारियों ने निर्माण स्थल पर लोगों के आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग ब्लॉकों की सहायता से अस्थायी रास्ता तैयार करना शुरू किया। इससे लोगों को आंशिक राहत मिली है, लेकिन अभी भी पूरे निर्माण क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो सकी है।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल कुछ दूरी तक रास्ता बनाना पर्याप्त नहीं है। पूरे निर्माण स्थल पर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ठेकेदार स्वयं निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की समीक्षा करता है या नहीं। साथ ही यह भी अपेक्षा की जा रही है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयसीमा में पूरा कराया जाएगा, ताकि वार्डवासियों को स्थायी राहत मिल सके।


रिपोर्ट:

संतोष सिंह सूर्यवंशी

सरगुजा संभाग ब्यूरो हेड, CNB LIVE NEWS

To Top