CG "सत्तीपारा में 75 गांजा के पौधे जब्त, अब छोटे-बड़े गांजा कारोबारियों पर कार्रवाई का इंतजार...देखें?

CG "सत्तीपारा में 75 गांजा के पौधे जब्त, अब छोटे-बड़े गांजा कारोबारियों पर कार्रवाई का इंतजार...देखें?



बैकुण्ठपुर, कोरिया। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सत्तीपारा निवासी सुरेश राजवाड़े के खेत से अवैध रूप से उगाए गए 75 गांजा के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने पौधों को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश मिला है।

हालांकि, लोगों का कहना है कि केवल अवैध खेती पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। शहर के भण्डारपारा, नरकेली, आमापारा सहित अन्य क्षेत्रों में गांजा की अवैध बिक्री की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। नागरिकों का मानना है कि यदि पुलिस लगातार निगरानी रखे, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करे और नियमित अभियान चलाए, तो अवैध नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने भी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांजा की अवैध खेती के साथ-साथ इसकी खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

फिलहाल सत्तीपारा में 75 गांजा के पौधों की बरामदगी को कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अन्य कथित गांजा कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस कब और किस प्रकार की कार्रवाई करती है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट: संतोष सिंह सूर्यवंशी, सरगुजा संभाग ब्यूरो हेड, CNB LIVE NEWS.

To Top