सूरजपुर में बालिका हत्याकांड: नेहरू पार्क में चाकू से हमला, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौतI

सूरजपुर में बालिका हत्याकांड: नेहरू पार्क में चाकू से हमला, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौतI

शशि रंजन सिंह

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर किया गया था रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस




*शशी रंजन सिंह* 

*सूरजपुर(सी एन बी न्यूज ब्यूरो चीफ):--* जिले के नेहरू पार्क में एक बालिका पर हुए चाकू से जानलेवा हमले के मामले में दुखद खबर सामने आई है। गंभीर रूप से घायल बालिका की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, लटोरी निवासी बालिका पर सूरजपुर के नेहरू पार्क में अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले में उसके गले पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
To Top