@छत्तीसगढ़//संतोष सूर्यवंशी)
कुड़ेली/कोरिया। कोरिया जिले के साप्ताहिक बाजार कुड़ेली में साइबर सुरक्षा एवं सोशल मीडिया जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नागरिकों को बताया गया कि ऑनलाइन सामान मंगाने पर प्राप्त होने वाले पैकेटों पर अंकित क्यूआर कोड, बारकोड, नाम, मोबाइल नंबर एवं पते जैसी व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग किया जा सकता है। इसलिए उपयोग के बाद ऐसे पैकेटों को नष्ट कर देना चाहिए अथवा उन पर दर्ज जानकारी मिटा देनी चाहिए।
नागरिकों को यह भी समझाइश दी गई कि सोशल मीडिया पर घर खाली होने या परिवार सहित बाहर जाने जैसी जानकारी साझा न करें, क्योंकि ऐसी सूचनाएं असामाजिक तत्वों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। साथ ही अनजान व्यक्तियों द्वारा किए गए संपर्क, आकर्षक प्रस्ताव, फर्जी मित्रता और भावनात्मक संबंधों के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि कोई भी फोटो, वीडियो अथवा व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसके संभावित परिणामों पर अवश्य विचार करें, क्योंकि इंटरनेट पर अपलोड की गई सामग्री को पूरी तरह हटाना अत्यंत कठिन होता है।
साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक अथवा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पटना प्रमोद पांडे ने बाजार परिसर में ही आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को त्वरित राहत प्रदान की।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमोद पांडे, उप निरीक्षक डिकेश्वर एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की। प्रधान आरक्षक द्वारा भी साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
"सतर्क रहें – सुरक्षित रहें। आपकी सावधानी ही साइबर अपराधियों के विरुद्ध सबसे बड़ी सुरक्षा है।"


