बैकुंठपुर/कोरिया। ग्रामोद्योग विभाग के रेशम प्रभाग द्वारा संचालित सिल्क समग्र-2 योजना के अंतर्गत कोरिया जिले के 35 कृषकों का दल क्षेत्रीय अध्ययन भ्रमण के लिए सरगुजा रवाना हुआ। इस दौरान कृषक शहतूत की खेती एवं रेशम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
अध्ययन भ्रमण के दौरान कृषकों को शहतूत बाड़ी के प्रबंधन, पौधों के रख-रखाव, कीटपालन तथा रेशम उत्पादन की वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। कृषक विभिन्न गतिविधियों का मौके पर अवलोकन कर रेशम उत्पादन की उन्नत तकनीकों को समझेंगे।
इस भ्रमण का उद्देश्य कृषकों की तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि करना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में शहतूत की खेती और रेशम उत्पादन को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से कर सकें।
कोरिया से रवाना हुए कृषकों के दल को रेशम विभाग जिला कोरिया के संचालक एस.एन. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं कृषक उपस्थित रहे।



