इसी क्रम में पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने भी स्वैच्छिक रक्तदान करते हुए इस सामाजिक अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों को भी जरूरतमंद मरीजों के लिए आगे आने का संदेश दिया।
42 लोगों ने किया रक्तदान
आयोजित शिविर में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिकों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 42 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके साथ ही शिविर में 43 लोगों की बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 11 लोगों की टीबी जांच भी की गई।
एसपी ने भी किया रक्तदान
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने स्वयं रक्तदान कर नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना अथवा गंभीर बीमारी जैसी परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। स्वस्थ नागरिकों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने भी रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से ऐसे सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
सेवा और संवेदनशीलता का संदेश
एसईसीएल बैकुंठपुर के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद ने भी सेवा भावना को समाज की महत्वपूर्ण ताकत बताया। जिला पंचायत सीईओ योगेन्द्र श्रीवास ने रक्तदान को ऐसा पुनीत कार्य बताया, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, रेडक्रॉस सोसायटी की वाइस चेयरमैन गीता राजवाड़े, चैंबर पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित यह रक्तदान शिविर लोगों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय सहित सभी रक्तदाताओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का मानवीय प्रयास भी है।


