सूरजपुर। जिले में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जांच एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में 1180 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।
जांच के दौरान 123 महिलाओं की गर्भावस्था को उच्च जोखिम वाली श्रेणी में चिन्हित किया गया, जबकि 106 महिलाओं की सोनोग्राफी कराई गई। गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श, जांच, उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, समुचित पोषण तथा प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में भी जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से इस तरह के अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं।


