CG "सरपंचों के हक-अधिकार को लेकर महासंघ ने भरी हुंकार...सूरजपुर से सरगुजा संभाग में संगठन के पहले दौरे की शुरुआत, पंचायतों की मजबूती पर मंथन...देंखे?
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

CG "सरपंचों के हक-अधिकार को लेकर महासंघ ने भरी हुंकार...सूरजपुर से सरगुजा संभाग में संगठन के पहले दौरे की शुरुआत, पंचायतों की मजबूती पर मंथन...देंखे?



सूरजपुर। प्रदेश स्तरीय सरपंच महासंघ ने सरगुजा संभाग में अपने पहले रे की शुरुआत मंगलवार को सूरजपुर जिले से की। यहां आयोजित एकदिवसीय बैठक में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ सरपंच साथी शामिल हुए। बैठक में पंचायतों को मजबूत बनाने, सरपंचों के हक-अधिकार, पंचायतों की शक्तियों, वित्तीय अधिकारों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में प्रदेश अध्यक्ष कपिल देव नायक, प्रदेश उपाध्यक्ष पिंटू सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष जयसिंह कुरूम, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमर सिंह मरकाम एवं प्रदेश महामंत्री गजमोचन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


इसके अलावा लखनपुर ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी राम, सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष रामविलास सिंह, सरपंच प्रतिनिधि भागवत पैकरा एवं रामानुजनगर ब्लॉक उपाध्यक्ष विमला सिंह सहित सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं सरपंच साथी बैठक में शामिल हुए।




पंचायतों की समस्याओं और अधिकारों पर मंथन


बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे सरपंचों एवं पदाधिकारियों से सीधे संवाद किया गया। पंचायत स्तर पर आने वाली समस्याओं, विकास कार्यों में आ रही परेशानियों, पंचायतों की शक्तियों, वित्तीय अधिकारों और सरपंचों के मूलभूत अधिकारों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।


पदाधिकारियों ने कहा कि ग्राम पंचायत ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। गांव की जनता की समस्याओं को सबसे पहले सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि ही समझते हैं। ऐसे में पंचायतों को मजबूत बनाने के साथ सरपंचों को उनके अधिकारों के अनुरूप कार्य करने के लिए उचित व्यवस्था और पर्याप्त अधिकार मिलना जरूरी है।


संगठन को मजबूत करने पर जोर


बैठक में प्रदेश स्तरीय सरपंच महासंघ को और मजबूत बनाने तथा संभाग, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन को सक्रिय करने को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी सरपंच एकजुट होकर पंचायत हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।


ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े विषयों एवं पंचायतों की समस्याओं को संगठित तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।


सरपंचों की आवाज को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने की पहल


बैठक के माध्यम से प्रदेश पदाधिकारियों ने सरगुजा संभाग के सरपंचों एवं संगठन के पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानीं। इस दौरान पंचायतों के सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर भी चर्चा हुई।


महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायतों को अधिकार संपन्न और मजबूत बनाने के लिए सरपंचों की एकजुटता जरूरी है। संगठन पंचायत हित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।


अन्य जिलों में भी जारी रहेगा दौरा


सरगुजा संभाग में सरपंच महासंघ का यह पहला दौरा संगठन की गतिविधियों को संभाग स्तर पर विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सूरजपुर से शुरू हुए इस अभियान के तहत आने वाले समय में संभाग के अन्य जिलों में भी संवाद एवं बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा।


महासंघ का उद्देश्य पंचायतों को मजबूत करना, सरपंचों के हक-अधिकार की आवाज बुलंद करना और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है।

To Top
ADVERTISEMENT