बैकुंठपुर/कोरिया। कटकोना हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के निर्माण कार्य को लेकर सामने आई शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद विभाग ने अपनी रिपोर्ट में निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर ईंट जोड़ाई एवं कॉलम ढलाई में दोष पाए जाने का उल्लेख किया है।
लोक निर्माण विभाग, उप-संभाग बैकुंठपुर के उप संभागीय अधिकारी द्वारा 19 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार, निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण किया गया। विभाग ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और वर्तमान में छत ढलाई के लिए सेंटरिंग का कार्य किया जा रहा है।
पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि कुछ स्थानों पर ईंट जोड़ाई एवं कॉलम ढलाई में हानिकारक/दोष पाए गए हैं। इसके बाद निर्माण कार्य में पाई गई त्रुटियों को सुधारने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किए जाने की जानकारी दी गई है।
निरीक्षण हुआ, लेकिन कई सवाल बाकी
विभागीय पत्र से यह तो सामने आया है कि निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया और कुछ कमियों का उल्लेख भी किया गया। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन कमियों को दूर करने के लिए वास्तव में क्या तकनीकी कार्रवाई की जाएगी?
क्या दोषपूर्ण निर्माण वाले हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा? निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट, सीमेंट और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच हुई है या नहीं? क्या कॉलम की मजबूती की तकनीकी जांच कराई गई है?
विभागीय पत्र में ठेकेदार को सुधार के निर्देश दिए जाने की बात है, लेकिन दोषपूर्ण हिस्से के पुनर्निर्माण, सामग्री की लैब जांच अथवा स्वतंत्र स्ट्रक्चरल जांच का कोई स्पष्ट उल्लेख नजर नहीं आता।
अब निगरानी और अगली जांच पर नजर
स्कूल भवन भविष्य में विद्यार्थियों और शिक्षकों के उपयोग में आएगा। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभाग द्वारा बताई गई कमियों का सुधार किस स्तर पर किया जाता है और सुधार के बाद निर्माण कार्य की दोबारा तकनीकी जांच होती है या नहीं।
अब सवाल सिर्फ कमियां मिलने का नहीं, बल्कि यह है कि इन कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी किसकी तय होगी और भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अगला कदम क्या होगा?


