CG "कोरिया _ 44 लाख का गांजा बरामद: पुलिस को देख बोलेरो लेकर भागा चालक, हॉस्पिटल में छिपाई गाड़ी...88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त, कोरिया जिले के बचरा पोड़ी निवासी आरोपी गिरफ्तार...देखें?
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

CG "कोरिया _ 44 लाख का गांजा बरामद: पुलिस को देख बोलेरो लेकर भागा चालक, हॉस्पिटल में छिपाई गाड़ी...88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त, कोरिया जिले के बचरा पोड़ी निवासी आरोपी गिरफ्तार...देखें?


 

सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में उमरे आजम उर्फ नान्हू खान (40), निवासी पोड़ी-बचरा, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया है।


चेकिंग पॉइंट देखकर भागा चालक

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर पुलिस ने बीती रात रघुनाथपुर चौक के पास चेकिंग पॉइंट लगाया था। पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बोलेरो चालक पुलिस को देखकर अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर बस्ती की ओर भाग निकला।


पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन बोलेरो का तत्काल पता नहीं चल सका। इसी बीच बस्ती की तरफ से बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रोका। बाइक चालक ने बताया कि पीछे बैठा युवक उसे नहीं जानता और वह सिर्फ लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठा है।


पूछताछ में खुला बोलेरो का राज

पुलिस ने पीछे बैठे युवक से पूछताछ की तो उसकी पहचान उमरे आजम उर्फ नान्हू खान के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि बोलेरो को हॉस्पिटल परिसर में छिपाकर वह खुद वहां से लिफ्ट लेकर निकल रहा था।


उसने पुलिस को यह भी बताया कि बोलेरो के अंदर गांजा रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम हॉस्पिटल परिसर पहुंची और बोलेरो की तलाशी ली।


88 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

तलाशी के दौरान बोलेरो के अंदर गांजे के पैकेट मिले। वजन कराने पर कुल 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 44 लाख रुपए आंकी गई है।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा से सरगुजा क्षेत्र में लाया गया था और वहां से वह इसे बचरा पोड़ी ले जा रहा था। हालांकि, गांजा उसे किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।


बोलेरो जब्त, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


सूरजपुर एसपी योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

To Top
ADVERTISEMENT