सूरजपुर-- सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदननगर-धरमपुर में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया, जिसमें DSP राजेश जोशी सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में SECL की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का लंबे समय से विरोध किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मुआवजा नहीं, बल्कि जमीन के बदले जमीन दी जाए। इसी विवाद के बीच कुछ दिन पहले सर्वे के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरमपुर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए हमले में कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर पर चोटें आईं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालात को नियंत्रित करने के लिए सूरजपुर सहित आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ASP योगेश देवांगन ने बताया कि सर्वे टीम को बंधक बनाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि इलाके की स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
