CG "खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, बीमार बुजुर्ग दंपत्ति के घर पहुंची मेडिकल टीम....सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के निर्देश पर घर पर ही उपचार, निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं....देंखे?

CG "खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, बीमार बुजुर्ग दंपत्ति के घर पहुंची मेडिकल टीम....सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के निर्देश पर घर पर ही उपचार, निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं....देंखे?



 CNBLIVE.COM |

एमसीबी, 03 जुलाई 2026। दूरस्थ ग्राम पंचायत धोवाताल के आश्रित ग्राम मनटोलिया (बरेल) में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति समयलाल पंडो एवं उनकी पत्नी रूक्मन पंडो की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी खबर सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग तत्काल सक्रिय हो गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अविनाश खरे ने मामले का संज्ञान लेते हुए विशेष स्वास्थ्य टीम को तत्काल गांव भेजने के निर्देश दिए।


स्वास्थ्य विभाग की टीम बुजुर्ग दंपत्ति के घर पहुंची और दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय जांच के बाद मौके पर ही आवश्यक उपचार शुरू किया गया तथा निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही परिजनों को दवाओं के नियमित सेवन और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।


सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि समयलाल पंडो उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) से पीड़ित हैं। उनका रक्तचाप परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच पहले से की जाती रही है और यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।


उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रूक्मन पंडो पूर्व में कुष्ठ रोग से पीड़ित थीं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों से उनका उपचार सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। वर्तमान में उन्हें उम्रजनित स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया है।


भविष्य में बुजुर्ग दंपत्ति को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सीएमएचओ ने संबंधित चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों को नियमित रूप से घर पहुंचकर स्वास्थ्य निगरानी करने तथा समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित और मानवीय पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।


— CNBLIVE.COM

सम्भागीय ब्यूरो हेड : संतोष कुमार सूर्यवंशी

मो.: 6260781992

To Top