CNBLIVE NEWS |सार्वजनिक मंच पर माला पहनाने के बाद महिला सरपंच का सामाजिक बहिष्कार!
भाजपा नेता पर विकास कार्य रुकवाने और पैसों की मांग का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बलरामपुर। वाड्रफनगर ब्लॉक के हरिगवां गांव की महिला सरपंच मनबसिया ने आरोप लगाया है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में उपसरपंच एवं भाजपा नेता मंशाराम साहू द्वारा माला पहनाए जाने के बाद खैरबार समाज ने उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। सरपंच का कहना है कि करीब एक वर्ष से उन्हें और उनके पति देवेंद्र खैरबार को समाज के किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जा रहा है।
देवेंद्र खैरबार के अनुसार, समाज की परंपरा के मुताबिक जयमाला केवल पति द्वारा पहनाई जाती है। इसी कारण पूरे परिवार को सामाजिक दंड का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच ने बताया कि समाज में दोबारा शामिल होने के लिए बकरा-भात सहित अन्य सामाजिक शर्तें पूरी करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे परिवार मानसिक तनाव में है।
महिला सरपंच ने भाजपा नेता मंशाराम साहू पर पंचायत के विकास कार्यों में बाधा डालने, मुरमीकरण, नाली निर्माण समेत अन्य योजनाओं को रुकवाने तथा काम शुरू कराने के नाम पर पैसों की मांग करने का भी आरोप लगाया है। विरोध करने पर धमकाने की बात भी कही गई है।
इस संबंध में महिला सरपंच ने रघुनाथनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी प्रतिलिपि बलरामपुर पुलिस अधीक्षक और सरगुजा आईजी को भी भेजी गई है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं वाड्रफनगर एसडीएम नीरनिधि नन्देहा ने कहा कि प्रशासन और पुलिस समाज के लोगों से चर्चा कर समझाइश देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार करना उचित नहीं है।
CNBLIVE NEWS
सम्भागीय ब्यूरो हेड – संतोष कुमार सूर्यवंशी
मो.: 6260781992
WWW.CNBLIVE.COM
CG ब्रेकिंग "सरपंच का सामाजिक बहिष्कार...भाजपा नेता पर विकास कार्य रुकवाने और पैसों की मांग का आरोप, पुलिस जांच में जुटी...देखें?
July 04, 2026
Share to other apps


