CG कोरिया "बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी करने के दिए निर्देश...देखें?

CG कोरिया "बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी करने के दिए निर्देश...देखें?



तहसील कार्यालय में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों पर जताई सख्ती


रिकॉर्ड अपडेट नहीं मिलने पर फटकार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र 10 दिन में जारी करने के निर्देश


कोरिया/सोनहत, 17 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने शुक्रवार को सोनहत तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं पंजी संधारण की स्थिति देखी। रिकॉर्ड समय पर अद्यतन नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाते हुए सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने नाजिर शाखा, कानूनगो शाखा और रिकॉर्ड कक्ष सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया तथा तहसीलदार और नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए। बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदन प्राप्त होने के बाद अधिकतम 10 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र जारी किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध तरीके से कार्य करें तथा किसी भी नागरिक को प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण मानसिक, शारीरिक या आर्थिक परेशानी न हो।


इस दौरान अपर कलेक्टर (एडीएम) सुरेन्द्र वैद्य ने भी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि आवेदकों से केवल आवश्यक दस्तावेज ही लिए जाएं और पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए।


निरीक्षण के समय तहसील कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

To Top