CG" प्रस्तावित शासकीय स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण...पीएम स्कूल के मानकों की तर्ज पर विकसित होगा विद्यालय...देंखे?

CG" प्रस्तावित शासकीय स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण...पीएम स्कूल के मानकों की तर्ज पर विकसित होगा विद्यालय...देंखे?


 

*कोरिया, 06 जुलाई 2026/* कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बैकुंठपुर स्थित मॉडल गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, जिसे प्रस्तावित शासकीय स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया जाना है, का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध अधोसंरचना, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों से सामान्य अध्ययन एवं गणित से जुड़े प्रश्न पूछे, जिस पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक 21 से 25 तक के पहाड़े सुनाए। बच्चों की सीखने की क्षमता की सराहना करते हुए कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन बच्चों के साथ पाँच छोटे-छोटे सामान्य ज्ञान (General Knowledge) के प्रश्नों पर चर्चा करें, ताकि उनकी जिज्ञासा, सामान्य ज्ञान एवं आत्मविश्वास में निरंतर वृद्धि हो सके।


कलेक्टर ने शिक्षकों को यह भी निर्देश दिए कि बच्चों में पुस्तकालय में नियमित अध्ययन की आदत विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन पुस्तकालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उनमें पढ़ने की रुचि बढ़े, भाषा कौशल विकसित हो तथा ज्ञान का दायरा विस्तृत हो।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) तथा पीएम श्री स्कूल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।


उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल शिक्षण संसाधन, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशालाएं, ई-लाइब्रेरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, कोडिंग एवं स्टेम (STEM) आधारित नवाचार प्रयोगशालाओं जैसी सुविधाओं के विकास की संभावनाओं का अवलोकन किया। साथ ही खेल, योग, संगीत, कला, कौशल विकास एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया।


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित उत्कृष्ट विद्यालय के लिए तैयार की जाने वाली कार्ययोजना में दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, स्वास्थ्य कक्ष, हरित परिसर, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, सीसीटीवी सुरक्षा एवं डिजिटल विद्यालय प्रबंधन प्रणाली जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।


उन्होंने कहा कि प्रस्तावित शासकीय स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय भविष्य में जिले में गुणवत्तापूर्ण विद्यालयी शिक्षा का एक आदर्श मॉडल बनेगा। यह संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता तथा नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और जिले के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक के रूप में विकसित होगा।

To Top