कोरिया, 06 जुलाई 2026।
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित सहकारिता सप्ताह के सफल संचालन एवं जिले में सहकारी गतिविधियों के विस्तार को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआरसीएस, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि "सहकार से समृद्धि" की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी के साथ जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य गतिविधियों का बेहतर आयोजन किया जाए।
कलेक्टर ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में विकसित करने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने तथा नवीन समितियों के कार्यालय एवं गोदाम निर्माण के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, संभावनाशील क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के गठन, देवभोग दुग्ध संघ से समन्वय स्थापित कर दूध संग्रहण केंद्र विकसित करने तथा महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से घी, पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा कृषि विभाग को ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं को बढ़ावा देने, "ड्रोन दीदी" तैयार करने तथा किसानों को नैनो तरल उर्वरकों के ड्रोन से छिड़काव के लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं की आय बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
CNBLIVE NEWS


