"
CNBLIVE NEWS | कोरिया
कोरिया, 05 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिला कोरिया का दौरा किया। विशेष बात यह रही कि वे पूर्व में जिला कोरिया के प्रथम पुलिस अधीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उनके आगमन पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे सहित पुलिस अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
रक्षित केंद्र बैकुण्ठपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जनहितैषी पुलिसिंग अपनाने, आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए।
दौरे के दौरान "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम एवं आईजी दीपक झा ने वृक्षारोपण भी किया। इसके बाद आयोजित सड़क सुरक्षा मितान सम्मेलन में सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सड़क सुरक्षा मितानों एवं राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर मदद कर दो लोगों की जान बचाने वाले नागरिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट बैग का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
✍️ CNBLIVE NEWS | कोरिया
"



