पटना (कोरिया)। पटना थाना से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित मुख्य सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण बरसात के समय इनमें पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि यह मार्ग पहले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) का हिस्सा था, लेकिन बायपास बनने के बाद इस सड़क की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है। जबकि कटोना, पांडोपारा, कॉलरी क्षेत्र तथा बनारस रोड की ओर आने-जाने वाले अधिकांश वाहन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे इस सड़क पर लगातार यातायात का दबाव बना रहता है।
सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर बरसात के दौरान पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि जनहित और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए इस सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


