कोरिया, 16 जुलाई 2026। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में भंडारण एवं वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। जिले में उर्वरकों का वितरण संतोषजनक गति से जारी है और किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडार उपलब्ध है।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव स्वयं सहकारी समिति प्रबंधकों से नियमित रूप से खाद वितरण की जानकारी ले रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 के लिए जिले में 40,033 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 19,574 मीट्रिक टन (48.93 प्रतिशत) उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में 8,361 मीट्रिक टन उर्वरकों का सुरक्षित भंडार उपलब्ध है।
उर्वरकों में यूरिया का वितरण सबसे अधिक रहा है। 18,605 मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध 9,995 मीट्रिक टन (53.68 प्रतिशत) यूरिया वितरित किया जा चुका है। वहीं एसएसपी के लक्ष्य का 66 प्रतिशत वितरण पूरा हो चुका है। जिले में डीएपी, एनपीके, एमओपी, जिंक सल्फेट एवं माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार केवल अधिकृत सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी निजी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें।
उप संचालक कृषि श्री राजेश भारती ने बताया कि विभाग प्रतिदिन उर्वरकों के भंडारण और वितरण की समीक्षा कर रहा है, ताकि खरीफ सीजन के दौरान जिले के किसी भी किसान को उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट : संतोष सिंह सूर्यवंशी
संवाददाता, कोरिया जिला
CNB LIVE NEWS
मो.: 6260781992


