अंबिकापुर। शहर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के सामने गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक सवार दो हेलमेटधारी बदमाशों ने शिक्षा विभाग की एक महिला अधिकारी के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पूनम तिवारी, जो शिक्षा विभाग में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं, दोपहर में भोजन करने घर गई थीं। भोजन के बाद जब वे स्कूटी से वापस कार्यालय पहुंचीं और स्कूटी खड़ी कर डीईओ कार्यालय के गेट की ओर बढ़ीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद महिला अधिकारी ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज बना अहम सुराग
वारदात डीईओ कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल चुनौतीपूर्ण है। हालांकि पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
शहर में बढ़ी सुरक्षा को लेकर चिंता
शहर के व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।
CNB LIVE NEWS से जुड़े रहें, हर बड़ी और विश्वसनीय खबर के लिए।
CG क्राइम "दिनदहाड़े महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग, डीईओ कार्यालय के सामने वारदात CCTV में कैद...देखें?
July 16, 2026
Share to other apps


