एग्रीस्टैक पंजीयन मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश ▶ 135 छूटे किसानों का पंजीयन इस सप्ताह होगा पूरा ▶ 3500 लंबित खसरों की मैपिंग के निर्देश ▶ 18 जुलाई को सभी समितियों में विशेष पंजीयन शिविर ▶ लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

एग्रीस्टैक पंजीयन मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश ▶ 135 छूटे किसानों का पंजीयन इस सप्ताह होगा पूरा ▶ 3500 लंबित खसरों की मैपिंग के निर्देश ▶ 18 जुलाई को सभी समितियों में विशेष पंजीयन शिविर ▶ लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई


 *मिशन मोड में पूरा करें एग्रीस्टैक पंजीयन, छूटे किसानों को हर हाल में जोड़ें: कलेक्टर*

*135 छूटे हुए एक्सेम्प्टेड किसानों एवं 3500 लंबित खसरों का इस सप्ताह पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश*

*18 जुलाई को  समिति स्तर पर विशेष शिविर आयोजित होंगे*

*कोरिया, 10 जुलाई 2026/* कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आज जिले में एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन एवं खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा हेतु सभी तहसीलदारों, आरएईओ, समिति प्रबंधकों तथा कृषि एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। 


बैठक में अधिकारियों को एग्रीस्टैक पंजीयन मॉड्यूल का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि पंजीयन कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई न आए तथा किसानों को समयबद्ध एवं सुगमता से सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। प्रशिक्षण के दौरान एग्रीस्टैक पंजीयन, खसरा मैपिंग एवं किसान पंजीयन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई। 


बैठक में कलेक्टर ने जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को मिशन मोड में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि विगत वर्ष के छूटे हुए 135 एक्सेम्प्टेड श्रेणी के किसानों का पंजीयन तथा लगभग 3500 लंबित खसरों की एग्रीस्टैक से मैपिंग प्राथमिकता के आधार पर इस सप्ताह पूर्ण की जाए।


कलेक्टर ने राजस्व, कृषि एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन, खसरा मैपिंग एवं किसान पंजीयन परस्पर जुड़े हुए कार्य हैं, इसलिए सभी विभाग संयुक्त कार्ययोजना बनाकर नियमित समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान पंजीयन एवं शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस सप्ताह प्रत्येक समिति स्तर पर विशेष पंजीयन शिविर आयोजित कर सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भूमि संबंधी विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एग्रीस्टैक पंजीयन के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसलिए प्रत्येक पात्र किसान का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।


बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


कलेक्टर ने जिले के सभी भू-स्वामियों एवं किसानों से अपील की कि जिनके नाम पर किसी भी ग्राम में भूमि दर्ज है तथा जिनके सभी खसरों का एग्रीस्टैक पंजीयन अथवा खसरा मैपिंग अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, वे शनिवार, 18 जुलाई को अपनी संबंधित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में आयोजित विशेष पंजीयन शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराएं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा/बी-1) साथ लाना आवश्यक होगा। एग्रीस्टैक पंजीयन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी प्रशिक्षण मॉड्यूल में भी उपलब्ध कराई गई है।


बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र वैद्य, अपर कलेक्टर डीडी मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनहत श्री अमित कुमार गुप्ता, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर श्री उमेश पटेल, खाद्य अधिकारी श्री नटवर सिंह रावटे, जिले के सभी तहसीलदार, आरएईओ, समिति प्रबंधक उपस्थित रहें।

To Top