शासकीय विद्यालय में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरे की तलाश जारी
कोरिया | CNBLIVE NEWS
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस ने शासकीय विद्यालय टेंगनी में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण क्रमांक 187/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(a) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 27 जून 2026 की शाम से 30 जून 2026 की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने शासकीय विद्यालय टेंगनी के दो कमरों का ताला तोड़कर 08 पंखे एवं 02 सिंटेक्स नेट फाइबर केबल चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹26,000 बताई गई है।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्ज से चोरी गया सामान तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
कन्हैया सिंह (19 वर्ष), निवासी टेंगनी पटेलपारा, थाना पटना, जिला कोरिया।
उमान सिंह (19 वर्ष), निवासी टेंगनी पटेलपारा, थाना पटना, जिला कोरिया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


