बैकुंठपुर/कोरिया, 28 जून 2026।
राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिला अस्पताल बैकुंठपुर के टीकाकरण केंद्र में अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जिलेवासियों से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी अभिभावक स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 34,129 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 341 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को निःशुल्क पोलियो की दवा पिलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि यदि अभियान के पहले दिन कोई बच्चा पोलियो की खुराक लेने से छूट जाता है, तो 29 एवं 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मॉप-अप अभियान के माध्यम से ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और सभी बच्चों को वाइल्ड पोलियो वायरस के संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनीत बख्ला, आरएमओ डॉ. कार्तिकेय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, बच्चों के अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
CNBLIVE NEWS
संवाददाता – संतोष कुमार सूर्यवंशी
सम्भागीय ब्यूरो हेड (सरगुजा)
CG "कोरिया जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ....34,129 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने की अभिभावकों से सहयोग की अपील... देखें?
June 29, 2026
Share to other apps


