@छत्तीसगढ़//संतोष सिंह सूर्यवंशी)
शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, पटना ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए एक नई मिसाल कायम की है। सत्र 2023-24 से प्रारंभ हुए इस विद्यालय में शुरुआत से ही दोनों पालियों में प्रभावी ढंग से कार्य संचालित किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता निरंतर उच्च स्तर पर बनी हुई है।
विद्यालय में प्रथम पाली में संचालन प्रभारी के रूप में श्री सुनील कुमार जायसवाल (व्याख्याता गणित) द्वारा प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया, वहीं द्वितीय पाली में शिक्षण कार्य को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ संपन्न किया गया। विशेष उल्लेखनीय है कि उनके द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी प्रवेश प्रक्रिया निरंतर जारी रखी गई, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सका।
इसके अतिरिक्त, दशहरा एवं दीपावली अवकाश के दौरान भी विद्यलय परिसर में अधोसंरचना विकास के कार्य संपन्न किए गए, जो विद्यालय प्रबंधन की सक्रियता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विद्यालय के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय गणित एवं विज्ञान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही विज्ञान मॉडल एवं कला उत्सव में राज्य स्तर पर सहभागिता कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
शैक्षणिक उपलब्धियों के अंतर्गत विद्यालय ने बोर्ड परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट परिणाम दर्ज किए हैं, जो शिक्षकों के समर्पण एवं विद्यार्थियों की मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इसी क्रम में, विद्यालय के शिक्षक श्री सुनील कुमार जायसवाल को लगातार दो शैक्षणिक सत्रों (2024-25 एवं 2025-26) में शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने हेतु सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जो अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे इन सतत प्रयासों से न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि हुई है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा प्राप्त हो रही है।



