सूरजपुर/जरही -- आज के दौर में जहां युवा जिम और महंगे सप्लीमेंट के सहारे फिटनेस पाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरौधी निवासी विपुल सिंह, पिता कौशल किशोर सिंह (उम्र 45 वर्ष) अपनी मेहनत, अनुशासन और सादगी भरी जीवनशैली से एक मिसाल बनकर सामने आए हैं। बिना जिम गए और बिना किसी भी तरह के प्रोटीन या अन्य सप्लीमेंट का सेवन किए विपुल सिंह ने ऐसा सुदृढ़ और आकर्षक शरीर बनाया है, जिसे देखकर आज के युवा भी हैरान और शर्मिंदा हो जाते हैं।
विपुल सिंह बताते हैं कि वे महज 9 वर्ष की उम्र से ही शारीरिक श्रम करते आ रहे हैं। बचपन से ही मेहनत और अनुशासन उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा है। उनकी फिटनेस का राज नियमित शारीरिक श्रम, सुबह-शाम की सैर, देसी कसरत, संतुलित भोजन और अनुशासित जीवनशैली है। वे रोजाना अपने दैनिक कार्यों के साथ पुश-अप्स, दंड-बैठक, दौड़ और योग जैसी गतिविधियां करते हैं तथा ताजे और घरेलू भोजन को ही प्राथमिकता देते हैं।
45 वर्ष की उम्र में भी उनकी फुर्ती, ताकत और ऊर्जा युवाओं को प्रेरित करती है। गांव के लोग उन्हें फिटनेस के लिए रोल मॉडल मानते हैं और युवा उनसे मार्गदर्शन भी लेते हैं। विपुल सिंह का मानना है कि अच्छी सेहत के लिए महंगे साधनों की नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और सादगी भरे जीवन की जरूरत होती है।
उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ बरौधी गांव बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
