@संतोष सिंह सूर्यवंशी/छत्तीसगढ़)
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जुए के अवैध कारोबार और पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुए के फड़ पर जिला स्तरीय पुलिस टीम की छापेमारी के बाद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक मकान में जुआ खेले जाने की सूचना पर जिला स्तरीय पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान सात जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन, तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक ओमनी कार जब्त की।
मामले की जांच के दौरान प्रतापपुर निवासी जय भगवान अग्रवाल का नाम सामने आया। आरोप है कि उसके द्वारा स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत से जुए का फड़ संचालित कराया जा रहा था। पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने और जुआ फड़ पर कार्रवाई नहीं किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कार्रवाई की।
निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो तथा आरक्षक राजेश तिवारी, भीमेश आरमो और राजकुमार पासवान शामिल हैं। सभी को रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध किया गया है।
वहीं, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। फरार मकान मालिक की तलाश भी जारी है
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाना क्षेत्र में जुए का फड़ किसके संरक्षण में संचालित हो रहा था और जांच में आगे किन लोगों की भूमिका सामने आती है। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


