प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में जंगली हाथियों के आतंक से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के कांग्रेस नेता शिवभजन सिंह मराबी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सोमवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने "वन विभाग होश में आओ, होश में आओ" के नारे लगाते हुए माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन वन परिक्षेत्र अधिकारी, घुई को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से श्री मराबी ने शासन के समक्ष 5 प्रमुख मांगें रखीं :-
1. उत्पाती आदमखोर हाथियों को तत्काल पकड़कर तमोर पिंगला हाथी पुनर्वास केंद्र, रमकोला में रखा जाए।
2. हाथियों द्वारा फसल नुकसान का मुआवजा बढ़ाकर 60 हजार रुपए प्रति एकड़ किया जाए।
3. हाथी हमले से जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा एवं एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
4. मुआवजा राशि 15 दिवस के भीतर हितग्राही के खाते में जमा की जाए।
5. पूर्व में लंबित सभी फसल क्षति मुआवजा राशि का तत्काल भुगतान किया जाए।
इस दौरान श्री मराबी ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं की गईं तो समस्त क्षेत्रवासी 11 नंबर बनारस रोड पर चक्का जाम एवं अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से दिनेश गुप्ता, संजय यादव, अनिल गुप्ता, खड़क बहादुर सिंह, नंदकेश्वर यादव, सचिन कुमार, मोती यादव, शिवशंकर यादव, फुलसाय, कैलाश, बालमुकुंद सिंह, रामसुंदर यादव, हेमकल्याण सिंह, हेमराज सिंह, सूरेश अयाम, शिवकुमार यादव रामलखन बैगा, रूदप्रसाद यादव, बृजबिहारी जायसवाल जय सिंह बंधूराम सहित सैकड़ों ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


