ABVP से शुरू हुआ सफर, भाजयुमो में निभाई कई अहम जिम्मेदारियां; अब जिला स्तरीय बैठकों में विधायक की ओर से रखेंगे पक्ष
*शशी रंजन सिंह*
*सूरजपुर(ट्रैक सी जी न्यूज जिला ब्यूरो):---*छात्र राजनीति से संगठनात्मक सफर की शुरुआत कर भारतीय जनता पार्टी में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा नेता अभय कुमार तिवारी को अब नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने अभय तिवारी को जिला विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। विधायक द्वारा सूरजपुर कलेक्टर को पत्र जारी कर उन्हें अपनी अनुपस्थिति में जिले की विभिन्न विभागीय समीक्षा एवं अन्य बैठकों में प्रतिनिधि के रूप में अधिकृत किया गया है।
विधायक की ओर से जारी पत्र में अभय तिवारी को अपने प्रतिनिधि के रूप में अधिकृत करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक रूप से सूचित करने का उल्लेख किया गया है। इस नियुक्ति के साथ ही अभय तिवारी के लंबे संगठनात्मक अनुभव को अब जिला स्तर पर नई जिम्मेदारी मिली है।
2009 में ABVP से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
अभय तिवारी का राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर वर्ष 2009 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से शुरू हुआ। छात्र राजनीति से शुरुआत करते हुए उन्होंने संगठन में लगातार सक्रियता बनाए रखी। वर्ष 2009 से 2020 तक ABVP में उन्होंने नगर इकाई से लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व संभाले।
इस दौरान वे नगर अध्यक्ष, नगर मंत्री, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला संयोजक और विभाग संयोजक जैसे पदों पर रहकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। लंबे समय तक छात्र संगठन से जुड़े रहने के बाद वर्ष 2020 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन का रुख किया।
भाजयुमो में भी निभाई अहम भूमिका
वर्ष 2020 में भारतीय जनता युवा मोर्चा में शामिल होने के बाद अभय तिवारी को संगठन में लगातार जिम्मेदारियां मिलती रहीं। वर्ष 2020 से 2025 तक उन्होंने भाजयुमो जिला मंत्री के रूप में काम किया। इसके बाद वर्ष 2025 से भाजपा जिलाध्यक्ष देव गुप्ता की टीम में उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन के विभिन्न स्तरों पर लंबे समय तक काम करने के कारण अभय तिवारी की पहचान क्षेत्र में सक्रिय युवा संगठनकर्ता के रूप में बनी है।
2018 से प्रतापपुर मंडल में लगातार जिम्मेदारी
अभय तिवारी वर्ष 2018 से वर्तमान तक प्रतापपुर मंडल में भाजयुमो मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी में उनकी भूमिका रही है।
विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान भी प्रतापपुर
विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने संगठन के साथ सक्रिय रूप से काम किया। चुनावी गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता के चलते उन्हें लगातार संगठन में जिम्मेदारियां मिलती रही हैं।
अब जिला स्तर पर विधायक की आवाज बनकर निभाएंगे जिम्मेदारी
लगातार करीब डेढ़ दशक से अधिक समय से संगठन में सक्रिय अभय तिवारी के लिए जिला विधायक प्रतिनिधि की जिम्मेदारी एक नया दायित्व है। अब जिला स्तर की विभागीय समीक्षा बैठकों और अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में विधायक की अनुपस्थिति में वे उनके प्रतिनिधि के तौर पर शामिल होंगे।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। संगठन में छात्र राजनीति से लेकर युवा मोर्चा और भाजपा के जिला संगठन तक अलग-अलग जिम्मेदारियों का अनुभव रखने वाले अभय तिवारी के लिए यह जिम्मेदारी उनके राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अभय तिवारी ने विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते सहित संगठन के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संगठन और विधायक द्वारा जो विश्वास जताया गया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
