CG कोरिया "स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती, संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश...देखें?
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

CG कोरिया "स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती, संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश...देखें?

 


कोरिया, 02 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बुधवार को बैकुंठपुर विकासखंड के बचरा-पोड़ी क्षेत्र का दौरा कर उप स्वास्थ्य केंद्र सांवला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचरा-पोड़ी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र बंजारीडॉड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लिया।




निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।


मरीजों से सीधे संवाद कर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति

कलेक्टर श्रीमती यादव ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं संस्थाओं में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी चर्चा की।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं का उद्देश्य केवल औपचारिक रूप से संचालित होना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को समय पर, सहज एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।


रिकॉर्ड, ऑनलाइन एंट्री और दवाइयों की उपलब्धता पर विशेष जोर

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, विभिन्न रजिस्टरों एवं रिकॉर्ड के संधारण तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के सभी ऑनलाइन पोर्टलों में समय पर एवं नियमित रूप से एंट्री सुनिश्चित की जाए।


उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड एवं दस्तावेज पूर्ण, अद्यतन और व्यवस्थित रखे जाएं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न कार्यक्रमों की वास्तविक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जा सके।


मितानिनों के साथ बेहतर समन्वय और नियमित फॉलोअप के निर्देश

कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों को अपने क्षेत्र की मितानिनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की नियमित जानकारी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार समय पर फॉलोअप किया जाए।


उन्होंने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की केवल कागजी प्रगति के बजाय जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


समय पर पहुंचें कर्मचारी, स्वास्थ्य सेवाओं में न हो लापरवाही

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों में उपस्थित रहने और अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी अपने कार्यक्षेत्र की जमीनी स्थिति से भली-भांति अवगत रहे।


कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अशरफ अंसारी एवं ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनित बाखला सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

To Top
ADVERTISEMENT