खबर छत्तीसगढ़ "पांच माह से आयुष्मान की राशि लंबित, जीवन दीप समिति के भुगतान पर लगा ब्रेक...कर्मचारियों के मानदेय से लेकर अस्पतालों के मरम्मत भुगतान तक प्रभावित, डॉक्टर-स्टाफ की प्रोत्साहन राशि भी अटकी...देखें?
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

खबर छत्तीसगढ़ "पांच माह से आयुष्मान की राशि लंबित, जीवन दीप समिति के भुगतान पर लगा ब्रेक...कर्मचारियों के मानदेय से लेकर अस्पतालों के मरम्मत भुगतान तक प्रभावित, डॉक्टर-स्टाफ की प्रोत्साहन राशि भी अटकी...देखें?



बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष्मान भारत योजना से मिलने वाली राशि के लंबे समय से लंबित रहने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब पांच माह से आयुष्मान की राशि प्राप्त नहीं होने के कारण जीवन दीप समिति के माध्यम से होने वाले कई भुगतान प्रभावित हैं।

जानकारी के अनुसार, राशि लंबित होने का असर जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के भुगतान, स्वास्थ्य संस्थानों में कराए गए मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों के भुगतान तथा आयुष्मान योजना से जुड़े डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि पर पड़ रहा है।

कर्मचारियों को भुगतान का इंतजार

जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद कई महीनों से भुगतान का इंतजार करना पड़ रहा है। लंबे समय तक भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी की स्थिति निर्मित होने की बात कही जा रही है।

मरम्मत कार्य पूरे, भुगतान अटका

स्वास्थ्य संस्थानों में जरूरत के अनुसार कराए गए विभिन्न मरम्मत और रखरखाव कार्यों की राशि भी लंबित बताई जा रही है। कार्य पूर्ण होने के बाद भुगतान नहीं होने से संबंधित कार्य एजेंसियों एवं अन्य पक्षों के सामने भी परेशानी की स्थिति है। इससे भविष्य में आवश्यक मरम्मत कार्यों को समय पर कराने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि भी लंबित

आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को सेवाएं उपलब्ध कराने में भूमिका निभाने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी लंबे समय से लंबित होने की जानकारी सामने आई है। लगातार भुगतान में देरी से कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनने की बात कही जा रही है।

एक साथ कई स्तरों पर भुगतान प्रभावित

आयुष्मान की राशि लंबित होने से कथित तौर पर एक साथ कई भुगतान प्रभावित हैं, जिनमें—

जीवन दीप समिति के कर्मचारियों का भुगतान

अस्पतालों के मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों का भुगतान

डॉक्टरों की आयुष्मान प्रोत्साहन राशि

स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि

शामिल हैं।

लंबित राशि को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग

मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की जा रही है कि आयुष्मान योजना की कितनी राशि जिले के लिए लंबित है, राशि कब से लंबित है और भुगतान में देरी की वास्तविक वजह क्या है। साथ ही लंबित राशि शीघ्र जारी कर कर्मचारियों, डॉक्टर-स्टाफ और मरम्मत कार्यों से जुड़े भुगतान करने की मांग उठ रही है।

सवाल—आखिर कब मिलेगा भुगतान?

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न भुगतानों के करीब पांच माह से लंबित होने की बात सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि लंबित राशि कब जारी होगी और संबंधित कर्मचारियों एवं अन्य हितग्राहियों को उनका बकाया भुगतान कब मिलेगा?

Cmho कोरिया डॉ. बलवंत सिंह का कहना है, बजट आ गई है,  जिससे नियमानुसार सभी लंबित मामलों का निराकरण समय रहते किया जायगा!

To Top