एमसीबी। खड़गवां पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 2 भैंस, 1 भैंसी तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (MP-65 GP-2731) भी बरामद किया है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रार्थी जगदीश सिंह (50 वर्ष) निवासी पतेरापारा, ग्राम मंगोरा ने थाना खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोर उसके घर से 2 भैंस और 1 भैंसी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना खड़गवां में अपराध क्रमांक 111/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी:
अर्जुन सिंह राठौर (30), जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
दिलीप सिंह (25), जिला एमसीबी
राम कुमार (31), जिला एमसीबी
दल प्रताप (25), जिला एमसीबी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी मवेशी एवं वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


