CG कोरिया "स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें – कलेक्टर रोक्तिमा यादव

CG कोरिया "स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें – कलेक्टर रोक्तिमा यादव

 

CNB LIVE NEWS

कोरिया, 13 जुलाई। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य मिशन एवं जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), आयुष्मान भारत योजना, पोषण, महामारी नियंत्रण सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बैकुंठपुर आकांक्षी विकासखंड होने के कारण स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रमुख सूचकांकों में सुधार लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यू-विन पोर्टल में लंबित डेटा एंट्री पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने तथा रैपिड रिस्पॉन्स टीम को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हाई रिस्क प्रेगनेंसी की निगरानी, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग, कम जन्म वजन वाले बच्चों की पहचान, पोषण पुनर्वास केंद्रों की व्यवस्था तथा आयुष्मान भारत एवं वय वंदन योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


रिपोर्ट: CNB LIVE NEWS | कोरिया (छत्तीसगढ़)

To Top