राम सजीला यादव की पहल रंग लाई, पोड़ी में लगा तहसील स्तरीय लर्निंग लाइसेंस शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों को मिली सुविधा
पोड़ी/बैकुंठपुर (कोरिया)।
ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ग्राम पंचायत पोड़ी में 22 एवं 23 जुलाई को तहसील स्तरीय दो दिवसीय लर्निंग लाइसेंस (LL) शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में पोड़ी सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।
यह शिविर सामाजिक कार्यकर्ता राम सजीला यादव की मांग पर आयोजित किया गया। उन्होंने जून माह में जिला परिवहन अधिकारी, कोरिया को आवेदन देकर ग्राम पंचायत पोड़ी में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। आवेदन में बताया गया था कि ग्रामीणों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन विभाग ने मांग को स्वीकार कर शिविर की स्वीकृति प्रदान की। जिला परिवहन अधिकारी द्वारा मुकेश परिवहन सुविधा केन्द्र, चिरमिरी एवं अली परिवहन सुविधा केन्द्र को आवश्यक तैयारियां एवं समन्वय के निर्देश दिए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर का संचालन मुकेश परिवहन सुविधा केन्द्र, चिरमिरी द्वारा किया गया। शिविर में आवेदकों का पंजीयन किया गया तथा उन्हें लर्निंग लाइसेंस बनाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया गया। विभागीय आदेश में अली परिवहन सुविधा केन्द्र का नाम शामिल था, लेकिन इस शिविर में उनकी सहभागिता नहीं हो सकी।
सामाजिक कार्यकर्ता राम सजीला यादव ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और शासन की सेवाएं गांव तक पहुंचती हैं। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए जिला प्रशासन, जिला परिवहन अधिकारी एवं परिवहन विभाग का आभार व्यक्त किया।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएं तो दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में काफी सुविधा होगी।
संवाददाता: संतोष सिंह सूर्यवंशी
CNB LIVE NEWS
UAN REG. NUMBER: CG11D0001136


