/बैकुंठपुर, जिला कोरिया।जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दुमरिया के तलवापारा में संचालित लिटिल स्टार प्ले स्कूल में छोटे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं है और कुएं का पानी पिलाया जा रहा है। इसके अलावा स्कूल में पर्याप्त शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण छोटे बच्चों को खुले में शौच के लिए जाने की स्थिति बन रही है।
₹400 मासिक फीस, सुविधाओं पर सवाल
ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल में प्रत्येक बच्चे से लगभग ₹400 प्रतिमाह फीस ली जाती है, लेकिन उसके अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने का आरोप है। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और फीस के बदले बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की मांग की है।
न खेल मैदान, न पर्याप्त व्यवस्था
ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए स्कूल परिसर में खेलने के लिए उचित प्ले ग्राउंड तक नहीं है। वहीं मौके पर केवल एक शिक्षक के मौजूद रहने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि इतने छोटे बच्चों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
NH-43 से लगा स्कूल, सुरक्षा को लेकर चिंता
स्कूल NH-43 के समीप स्थित होने के कारण ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की संख्या, स्टाफ, प्रवेश-निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच प्रशासन द्वारा की जानी चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत/संवाद किए जाने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है।
कलेक्टर से निरीक्षण की मांग
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव से मामले का संज्ञान लेते हुए स्कूल का निरीक्षण कराने और बच्चों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्कूल में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो नियमों के अनुसार स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग मौके पर निरीक्षण कर स्कूल की पेयजल, शौचालय, स्टाफ, खेल मैदान और सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की जांच करेगा?
CNB LIVE NEWS की ओर से संबंधित स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
CG कोरिया "क्या प्राइवेट स्कूलों की जिम्मेदारी नहीं लेता जिला प्रशासन...लिटिल स्टार प्ले स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं पर सवाल, कुएं का पानी पिलाने का आरोप...शौचालय नहीं, खेल मैदान नहीं; NH-43 से लगे स्कूल में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश..क्या होगी कार्रवाई या मामले की होगी लीपा पोती...?
July 25, 2026
Share to other apps




