पोड़ी बचरा/कोरिया। क्षेत्र के दिव्यांगजनों की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर राम सजीला यादव द्वारा उठाई गई मांग आखिरकार सफल हुई। समाज कल्याण विभाग को प्रस्तुत आवेदन एवं शिकायत के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 जून 2026 को ग्राम पंचायत पोड़ी स्थित सर्व आदिवासी भवन में विशेष दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
श्री यादव ने अपने आवेदन में उल्लेख किया था कि पोड़ी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिला मुख्यालय या अन्य दूरस्थ स्थानों तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने स्थानीय स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने की मांग की थी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविर में मेडिकल बोर्ड की टीम उपस्थित रहकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीन निर्माण एवं नवीनीकरण का कार्य करेगी। साथ ही संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शिविर में उपस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राम सजीला यादव ने कहा कि "दिव्यांगजनों को उनके अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता है। स्थानीय स्तर पर शिविर लगने से क्षेत्र के सैकड़ों दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जनहित की आवाज बनी सफलता की मिसाल – राम सजीला यादव की मांग पर पोड़ी में दिव्यांग शिविर का आयोजन



