*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें- कलेक्टर*
*वृहद पंजीयन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का करें समाधान, किसानों को समय पर हो खाद वितरण तथा पाठ्यपुस्तक-गणवेश वितरण में तेजी लाने के निर्देश*
*कोरिया, 23 जून 2026/* कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण आवश्यक है।
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक समाधान आधारित होना चाहिए। यदि कोई आवेदन संबंधित विभाग से जुड़ा नहीं है तो आवेदक को सही जानकारी उपलब्ध कराकर उसकी समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आमजन के लिए केवल शिकायत का माध्यम नहीं, बल्कि समाधान का भरोसेमंद मंच बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने 'विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' अभियान के अंतर्गत 18 से 20 जून तक आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
खरीफ सीजन को देखते हुए खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने के लिए वितरण प्रक्रिया में गति लाने तथा इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण वितरण में भी प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने जुलाई माह के खाद्यान्न आबंटन एवं भंडारण की समीक्षा करते हुए सभी सोसायटियों में माह के अंत तक पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग कार्यों में तेजी लाने तथा एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों का पंजीयन अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को लाभान्वित करने के लिए नगरीय निकायों को विशेष प्रयास करने तथा पात्र हितग्राहियों से अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
शाला प्रवेश उत्सव के पश्चात कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण शीघ्र पूर्ण कराने तथा पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CG कोरिया " सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें.... पंजीयन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का करें समाधान, किसानों को समय पर हो खाद वितरण तथा पाठ्यपुस्तक-गणवेश वितरण में तेजी लाने के निर्देश.... देखें?
June 23, 2026
Share to other apps


