मुंगेली, छत्तीसगढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था को अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे ने विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा तथा हाई स्कूल टेढ़ाधौरा निर्धारित समय से पहले बंद पाए गए। साथ ही विद्यालयों में न तो शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था और न ही शिक्षक एवं संस्था प्रमुख उपस्थित मिले।
निरीक्षण में सामने आई गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित कर्मचारियों का उस दिन का वेतन काटा जाएगा तथा उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
डीईओ एल. पी. डाहिरे ने कहा कि विद्यालयों में समय पर उपस्थिति, नियमित शिक्षण कार्य एवं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रत्येक शिक्षक और संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे विद्यालय संचालन में अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित समय का कड़ाई से पालन करें तथा विद्यार्थियों के हित में बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---
@सोर्स >सोशल मीडिया


