🛑
चंद्रपुर, महाराष्ट्र। कर्जमाफी की मांग को लेकर चंद्रपुर जिले के एक किसान ने ऐसा अनोखा प्रदर्शन किया, जिसने प्रशासन और आम जनता का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। राजुरा तहसील के गोयेगाव निवासी किसान दिवाकर हिरामन पहनपाटे बैल पर सवार होकर सीधे तहसीलदार कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसान दिवाकर पहनपाटे का कहना है कि बढ़ती खेती लागत, फसल से कम आय और कर्ज के बोझ ने किसानों की स्थिति बेहद कठिन बना दी है। अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्होंने पारंपरिक धरना-प्रदर्शन की बजाय बैल को ही अपने आंदोलन का प्रतीक बनाया।
तहसील कार्यालय परिसर में बैल पर सवार किसान को देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बैल भारतीय कृषि व्यवस्था का प्रतीक माना जाता है। किसान का बैल पर बैठकर तहसील कार्यालय पहुंचना इस बात का संदेश है कि आज भी किसान आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं।
किसान की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द किसानों की कर्जमाफी की घोषणा करे और कृषि क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाले।
🎤 संवाददाता : संतोष कुमार सूर्यवंशी
📺 CNB LIVE NEWS
"जनता की आवाज़, सच के साथ" @सोर्स सोशल मीडिया नेटवर्क


