कुदरगढ़ धाम में भीषण आग से हड़कंपI

कुदरगढ़ धाम में भीषण आग से हड़कंपI

शशि रंजन सिंह
पुजारियों की झोपड़ियां और श्रद्धालुओं का शेड जलकर खाक, पहाड़ी पर मची अफरा-तफरी


*शशी रंजन सिंह* 

*सूरजपुर(ट्रैक सी जी न्यूज ब्यूरो चीफ):--* , कुदरगढ़ धाम में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे मंदिर परिसर में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पुजारियों के रहने के लिए बनी झोपड़ियां व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए शेड धू-धू कर जल उठे। पहाड़ी पर उठती आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा।
घटना के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। अचानक आग लगने से परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान तेज ब्लास्ट जैसी आवाज भी सुनाई दी, जिससे लोगों में और ज्यादा दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि आग मंदिर परिसर के उस हिस्से तक पहुंच गई थी जहां दानपेटी रखी हुई थी। हालांकि समय रहते दानपेटी को सुरक्षित हटा लिया गया। पुजारियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद आग की खबर तेजी से फैल गई।
करीब 800 सीढ़ियां चढ़कर स्थित मां बागेश्वरी देवी का यह प्रसिद्ध धाम प्रदेश ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में आग की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
सबसे बड़ी चुनौती पहाड़ी पर स्थित मंदिर परिसर तक फायर ब्रिगेड पहुंचाने की रही। सूचना मिलते ही ट्रस्ट समिति ने प्रशासन और दमकल विभाग को खबर दी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
To Top