नगर पंचायत जरही में भालुओं की दस्तक से दहशत, पूरी रात खोजबीन में जुटे है लोगI
| 📍 Chhattisgarh | 🔴 LIVE TV | 📰 E-PAPER

नगर पंचायत जरही में भालुओं की दस्तक से दहशत, पूरी रात खोजबीन में जुटे है लोगI

शशि रंजन सिंह
शिव मंदिर से लेकर लोडर लाइन तक दिखने की चर्चा, एक नहीं कई भालुओं की आशंका; पुलिस और वन विभाग को दी गई सूचना
*शशी रंजन सिंह* 

*जरही(ट्रैक सी जी न्यूज ब्यूरो चीफ):--* , नगर पंचायत जरही में मंगलवार रात भालुओं के विचरण की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रात करीब 9:30 बजे सबसे पहले एक भालू को जरही के शिव मंदिर परिसर के आसपास देखा गया। मंदिर क्षेत्र में भालू दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में फैल गई और लोग अपने-अपने घरों के बाहर निकलकर स्थिति की जानकारी लेने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिव मंदिर क्षेत्र में भालू काफी देर तक घूमता नजर आया। इसके बाद रात करीब 10:00 बजे जरही कॉलोनी क्षेत्र में भी भालू को देखे जाने की बात सामने आई। जैसे-जैसे अलग-अलग इलाकों से भालू दिखने की सूचना आती गई, वैसे-वैसे लोगों में डर और बढ़ता गया। कई परिवारों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी एवं जरही भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर भालू की तलाश शुरू की। उनके साथ जरही के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश शुक्ला, हसनैन खान सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी भी देर रात तक खोजबीन में जुटे रहे। लोगों ने टॉर्च और मोबाइल लाइट की मदद से शिव मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में भालू को खोजने का प्रयास किया, लेकिन काफी तलाश के बाद भी मंदिर क्षेत्र में उसका स्पष्ट पता नहीं चल सका।
इसी बीच दूसरी ओर जरही के लोडर लाइन क्षेत्र में कुछ लोगों ने फिर भालू को देखने का दावा किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोडर लाइन के अंधेरे हिस्सों से लगातार कुत्तों के भौंकने की आवाजें आ रही थीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि भालू अभी भी उसी इलाके के आसपास घूम रहा है। रात बढ़ने के साथ लोगों की चिंता और बढ़ती गई।
लोडर लाइन क्षेत्र में युवा समाजसेवी संकेत सिंह, विनोद पाव एवं अन्य युवाओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। सभी लोग मिलकर क्षेत्र में निगरानी करते रहे और लोगों को सतर्क रहने की अपील करते रहे। युवाओं ने गलियों और सुनसान जगहों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में सिर्फ एक नहीं बल्कि दो से चार भालुओं के होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन लगातार अलग-अलग स्थानों पर भालू दिखने की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर रात के समय अंधेरे इलाकों और झाड़ियों के पास जाने से लोग बचते नजर आए।
घटना की सूचना पुलिस विभाग और वन विभाग को दे दी गई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर निगरानी बढ़ाने और भालुओं को सुरक्षित जंगल क्षेत्र की ओर खदेड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
वहीं प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार मुनादी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों से कहा गया है कि रात में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, अंधेरे स्थानों की ओर जाने से बचें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या वन विभाग को दें।
नगर पंचायत जरही में भालुओं की मौजूदगी को लेकर पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग पूरी रात जागकर अपने-अपने मोहल्लों में निगरानी करते रहे और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करते नजर आए।
To Top
ADVERTISEMENT