सुबह सड़क किनारे मिली गंभीर हालत में युवती
*शशी रंजन सिंह*
*सूरजपुर/बिश्रामपुर(ट्रैक सी जी न्यूज ब्यूरो चीफ):--* शनिवार सुबह बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर पासंग नाला के पास एक युवती अधजली हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल उसे अस्पताल भेजा गया।
▪ 90 प्रतिशत से अधिक झुलसी, मेडिकल कॉलेज रेफर
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार वह 90 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी है।
▪ मौके पर नहीं बोल सकी, दिए दो मोबाइल नंबर
पुलिस के अनुसार युवती उस समय बोलने की स्थिति में नहीं थी, लेकिन उसने दो मोबाइल नंबर बताए, जिनके आधार पर आगे की जांच शुरू की गई।
▪ युवक से विवाद की बात आई सामने
नंबर पर संपर्क करने पर भूपेंद्र सिंह नामक युवक सामने आया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि युवती उससे मिलने आई थी और मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
▪ पेट्रोल खरीदने की जानकारी भी आई सामने
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि युवती ने घटना से पहले रास्ते में एक दुकान से पेट्रोल खरीदा था, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
▪ नाबालिग होने की आशंका, जांच जारी
दस्तावेजों के आधार पर युवती के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
बयान के बाद ही होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर सनसनी का माहौल है।
