*शशी रंजन सिंह*
*सूरजपुर(सी एन बी लाइव न्यूज ब्यूरो चीफ):--*आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सुरक्षा अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच करते हुए नशे में वाहन चलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
ऐल्कोहॉल मीटर से जांच, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
होली के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाकर हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विशेष रूप से ब्रेथ एनालाइजर (ऐल्कोहॉल मीटर) के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों का परीक्षण किया गया। जिन पर संदेह हुआ, उनसे पूछताछ कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी
अभियान के तहत जरही चौक, भटगांव एसईसीएल हॉस्पिटल चौक, सलका चौक सहित अन्य व्यस्त स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा तेज रफ्तार पर भी नजर रखी गई।
आमजन से की अपील
थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ मनाएं। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भटगांव थाना क्षेत्र में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि होली का पर्व सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
