माँ सतलोकी देवी ट्रस्ट के भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों का प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया विस्तृत जायजाI

माँ सतलोकी देवी ट्रस्ट के भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों का प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया विस्तृत जायजाI

शशि रंजन सिंह

*शशी रंजन सिंह* 

*भटगांव/सूरजपुर।(ट्रैक सी जी न्यूज ब्यूरो चीफ):--*माँ सतलोकी देवी ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने जा रहे भव्य धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में प्रशासनिक अमला भी सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर एसडीएम भैयाथान चाँदनी कंवर, तहसीलदार भटगांव शिव नारायण राठिया, भटगांव तहसील से विवेक पटेल सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच निर्माण, पंडाल व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता, पेयजल की उपलब्धता, शौचालय व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग स्थल तथा यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा और अग्निशमन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

मौके पर मौजूद माँ सतलोकी देवी ट्रस्ट के सदस्यों ने प्रशासन को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ट्रस्ट द्वारा स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीम बनाई गई है, जो यातायात मार्गदर्शन, प्रसाद वितरण, श्रद्धालुओं की सहायता एवं व्यवस्था संचालन का कार्य संभालेंगी।

एसडीएम चाँदनी कंवर ने कहा, “धार्मिक आयोजन आस्था से जुड़े होते हैं, लेकिन प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी विभागों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।”

वहीं तहसीलदार शिव नारायण राठिया ने कहा, “आयोजन समिति प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखे। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। राजस्व एवं स्थानीय अमला पूरी तरह मुस्तैद रहेगा, ताकि यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें।”

क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्सुकता है। प्रशासन और ट्रस्ट के समन्वित प्रयासों से आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने की तैयारी जोरों पर है।
To Top