@बिलासपुर//वेब न्यूज़ डेस्क।
शुक्रवार की रात सरकंडा के मोपका स्थित प्रयास एकेडमी के हास्टल में रहने वाला छात्र अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान किसी ने प्राचार्य के कमरे का दरवाजा खटखटाया।
बाहर कोई नहीं दिखने पर प्राचार्य छात्र के कमरे में पहुंचे और उसकी स्टंप से जमकर पिटाई कर दी। इससे छात्र को गंभीर चोट आई है। उसे सिम्स में भर्ती कराया है। पीड़ित छात्र के स्वजन ने पुलिस थाना में शिकायत की। पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए आरोपित प्राचार्य को गिरफ्तार किया।
सरकंडा के मोपका में प्रयास एकेडमी संचालित हो रहा है। वहां स्कूल के साथ छात्रों के रहने के लिए हास्टल की भी सुविधा है। हास्टल में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे रहते हैं। पंडरिया निवासी भूयांश जायसवाल कक्षा 11वीं का छात्र है और हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार की रात हास्टल में रहने वाले एक छात्र का जन्मदिन था। इसलिए सभी छात्र रात में बर्थडे पार्टी मना रहे थे।
जन्मदिन मनाने के बाद भूयांश जायसवाल अपने कमरे में जाकर पढ़ाई करने लगा। रात 12 बजे स्कूल के प्राचार्य केपी पांडेय अपने कमरे से निकलकर आए और कमरे का दरवाजा को खटखटाने का आरोप लगाकर स्टंप से भूयांश की पिटाई करने लगे।
इससे छात्र भूयांश के हाथ, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर शनिवार को स्वजन हास्टल पहुंचे और घायल छात्र को सिम्स में भर्ती कराया। इसके बाद सरकंडा थाना में शिकायत की। पुलिस ने मारपीट के तहत अपराध दर्ज किया।
किसने दरवाजा खटखटाया पता नहीं चला
प्राचार्य केपी पांडे के कमरे के दरवाजे को किसी ने खटखटाया था। इसके बाद प्राचार्य पांडेय बाहर निकले। अगल-बगल देखा लेकिन वहां कोई नहीं था। दरवाजे को किसने खटखटाया यह पता नहीं चल पाया है।
रातभर कमरे में तड़पता रहा छात्र
प्राचार्य ने स्टंप से छात्र भूयांश की जमकर पिटाई करने के बाद अपने कमरे में चले गए। इधर घायल छात्र रातभर दर्द से तड़पता रहा। उसे किसी ने अस्पताल में भर्ती नहीं कराया।
शनिवार की सुबह घायल छात्र ने अपने स्वजन को फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना पर स्वजन हास्टल पहुंचे और घायल छात्र को सिम्स में भर्ती कराया।
पुलिस को कहा- सीढी से गिर गया
सरकंडा थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि छात्र के साथ मारपीट करने की शिकायत मिली है। छात्र को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
स्कूल के प्राचार्य को पूछताछ की गई, तब प्राचार्य ने बताया कि दरवाजा खटखटाकर भाग रहा था। इसी दौरान छात्र सीढ़ी से गिर गया।
सोर्स : इंटरनेट वेबसाइट।