छत्तीसगढ़ में दिसंबर के पहले पखवाड़े में कम ठंड का रिकार्ड, 18 दिसंबर से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार...

छत्तीसगढ़ में दिसंबर के पहले पखवाड़े में कम ठंड का रिकार्ड, 18 दिसंबर से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार...

Avinash

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात और अन्य कारणों से दिसंबर के पहले पखवाड़े में रात का तापमान औसतन एक-दो बार 15 से 20 डिग्री तक पहुंच रहा है। 15 दिसंबर तक कम ठंड पड़ने का ट्रेंड है। हल्की गर्मी भी महसूस भी महसूस हो रही है। इस साल 13 दिसंबर को ही रात का तापमान राजधानी में 19 डिग्री तक पहुंच गया है और अगले दो दिन में तापमान एक-दो डिग्री बढ़ सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 16 दिसंबर से मौसम साफ होने लगेगा। 18 दिसंबर से राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। पिछले साल दिसंबर में 15 तारीख को रात का तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया था। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक था। 2010 से 2019 के दौरान पहले पखवाड़े में रात का तापमान औसतन एक-दो बार 15 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है।

पिछले कुछ समय से दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में ही कड़ाके की ठंड शुरू हो रही है। पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा ठंड यानी न्यूनतम तापमान सबसे कम 15 दिसंबर के बाद पहुंचा है। सबसे ज्यादा ठंड 2018 में 30 तारीख को पड़ी। तापमान 8.9 डिग्री तक पहुंच गया। 2010 में 9.5 और 2011 में 9.7 डिग्री तापमान सबसे न्यूनतम रहा। यह भी 20 और 21 दिसंबर को रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिसंबर के पहले पखवाड़े तक तापमान गिरा है और दूसरे पखवाड़े के अंत तक तापमान न्यूनतम के स्तर पर पहुंचा है।

इसलिए बढ़ रहा तापमान
लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार दिसंबर में आमतौर पर बंगाल की खाड़ी में एक-दो बार चक्रवात बन रहे हैं, जिससे नमी छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही है और रात का तापमान बढ़ रहा है। समुद्र से नमी आने पर आर्द्रता 60 से 70 फीसदी तक बढ़ रही है। आसमान में बादल छाने की वजह से जमीन की गर्मी ऊपर नहीं उठ पा रही है। इसलिए सतह गर्म है। मौसम खुलते ही उत्तरी हवा तेजी से तापमान गिराने लगती है और ठंड बढ़ जाती है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का असर 16 दिसंबर तक रहेगा। 17 से तापमान गिरने लगेगा और 18 से राज्य में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।

पिछले एक दशक में दिन व रात का तापमान

साल दिन रात
2019 30.2(12) 9.6(28)
2018 30.1(6) 8.9(30)
2017 31.7(14) 11.3(27)
2016 31.3(1) 11(19)
2015 34.1(2) 10.7(27)
2014 32.2(1) 9.2(29)
2013 31.5(1) 11.9(13)
2012 32.9(9) 9.9(24)
2011 31(5,6,11) 9.7(22)
2010 31.2(1) 9.5(21)

आज बादल, कल बारिश, परसो से ठंड
मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को राज्य के दक्षिण और उत्तरी हिस्से में बादल छाएंगे। मध्य छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं पर इसका असर रहेगा। मंगलवार को कहीं-कहीं पर बारिश होगी। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। 16 दिसंबर से ठंड शुरू होगी। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात है। दक्षिण अरब सागर केंद्र तथा आसपास एक ऊपरी हवा में चक्रवात है। यहां से एक द्रोणिका बनी है, जो दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश तक है। यह द्रोणिका पूर्व-केंद्र अरब सागर और दक्षिण गुजरात से होकर गुजर रही है। इस वजह से समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी मध्य भारत की ओर पहुंच रही है।



To Top