राजधानी रायपुर में अब जल्द ही ठंड शुरू होगी। उत्तरी हवाएं अगले दो-तीन दिन में रायपुर तक पहुंच जाएंगी। इससे रात के तापमान में गिरावट आने के साथ ही सर्दी का मौसम शुरू हो जाएगा। पिछले एक दशक में राजधानी में ठंड की शुरुआत थोड़ी देरी से हुई है। आमतौर पर अक्टूबर के पहले सप्ताह से गुलाबी ठंड की दस्तक शुरू हो जाती है और महीने के आखिरी सप्ताह तक लोगों के गर्म कपड़े निकलने शुरू हो जाते हैं।
राजधानी में गुरुवार को रात का तापमान 23.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सिस्टम की वजह से ठंडी हवाएं अभी थमी हुई हैं। यदि रात का तापमान सामान्य के आसपास होता (19 डिग्री) तो निश्चित रूप से अभी ठंड शुरू हो जाती। मानसून की वापसी में देरी की वजह से शहर में अब तक गर्म कपड़ों का बाजार भी नहीं आया है। रायपुर में अक्टूबर से ही तिब्बती कारोबारी अपना सामान लेकर पहुंचने लगते हैं। इस साल रायपुर ही नहीं पूरे उत्तरी भारत में भी मानसून की वापसी थोड़ी देर से हुई है। गुरुवार तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है। अगले दो-तीन दिनों में रायपुर और चार-पांच दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून लौट जाएगा।
ठंड में बदल जाएगा तापमान का गणित : तीनों ही मौसम में दिन और रात के तापमान का गणित अलग-अलग होता है। सर्दी के मौसम में दिन का तापमान सामान्य और उससे ज्यादा रहता है, लेकिन रात का तापमान क्रमश: नीचे गिरते चला जाता है।
दिन में पारा तेजी से चढ़ता है और रात में तेजी से उतर जाता है। इसके विपरीत गर्मी में दिनों में दिन और रात का तापमान दोनों तेजी से बढ़ता है। गर्मी के दिनों में तापमान तभी घटता है जब आसमान में बादल हों। सर्दी के मौसम में आसमान में बादल हों तो रात का तापमान बढ़ने लगता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सर्दी के दिनों में आसमान में बादल होने पर सतह की गर्मी ऊपर नहीं उठ पाती और इसलिए वातावरण गर्म रहता है।
ठंड के लिए निगम भी कर रहा तैयारी
अगले कुछ दिन में मानसून की होने वाली वापसी के साथ ही शहर में बढ़ने वाली ठंड के लिए नगर निगम ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए शहरभर में बने रैन बसेरों की साफ-सफाई और व्यवस्थित करने तथा वहां गर्म कपड़ों की उपलब्धता के निर्देश जोन कमिश्नरों को दिए जा रहे हैं। नवंबर और दिसंबर में पड़ने वाली ठंड को देखते हुए जोन के अफसरों को पर्याप्त मात्रा में अलाव की भी व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31y6aOA
https://ift.tt/3kmuM41