सरगुजा जिले में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है, शुक्रवार को चार घंटे के अंदर 65 वर्षीय महिला व 65 वर्षीय पुरूष की मौत कोरोना से कोविड-19 अस्पताल में हो गई। मृतकों में महिला पूर्व में कोरोना से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गई थी, लेकिन घर में अचानक तबियत बिगडऩे पर दोबारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
केदारपुर निवासी 65 वर्षीय वृद्धा 9 अक्टूबर को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। चिकित्सकों ने उसे 19 अक्टूबर को डिस्चार्ज कर होम आइसोलशन में रहने को कहा था। घर में अचानक तबियत खराब होने पर 22 अक्टूबर को उसे पुन: कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां शुक्रवार की शाम 6.30 बजे उसकी मौत हो गई। वह पूर्व में शुगर बीमारी से ग्रसित थी। चिकित्सकों का कहना है कि महिला को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इस कारण उसे आईसीयू में रखा गया था। वहीं शहर से लगे चीताबहार निवासी 65 वर्षीय पुरूष की मौत कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर में शुक्रवार की दोपहर 2.55 बजे हो गई।
उसे कोरोना संदिग्ध मानते हुए 22 अक्टूबर को कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहां पॉजिटिव आने पर उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसे सांस लेने में परेशानी होने पर आईसीयू में रखा गया था।
जिले में 41 तक पहुंचा मौत का आंकड़ा:
सरगुजा जिले में कोरोना पॉजिटिवों का आंकड़ा 4 हजार के करीब पहुंच गया है, वहीं साढ़े 3 हजार लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। जिले में अब तक कुल 41 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो गई है।